नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद बोर्ड की बैठक सोमवार को पालिका सभागार में हुई। इसमें वर्ष 2016-17 का 18 लाख 87 हजार लाभ का बजट सर्वसम्मत से पास हुआ। अधिशासी अधिकारी दददी प्रसाद की ओर से वित्तीय वर्ष के लिये प्रस्तुत किये गये बजट में पालिका की कुल आय 10 करोड़ 66 लाख 10 हजार एवं कुल व्यय 11 करोड़ 92 लाख 42 हजार आंकलन की गई।
नगर पालिका को वर्ष के दौरान गृहकर से 10 लाख, करेत्तर आय से 61 लाख, विविध आय शुल्क से पांच लाख 10 हजार एवं अनुदान/अंशदान से नौ करोड़ 90 लाख की आय होगी। जबकि व्यय मद में कर्मचारी वेतन 2 करोड़ 36 लाख, वेतन सफाई कर्मी 5 करोड़ 48 लाख 86 हजार, प्रकाश, जलकल, सफाई, निर्माण आदि में छह करोड़ 43 लाख 56 हजार व्यय होगा।
बैठक में काजी टोला के सभासद परवेज ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में स्थित गड़ही का पानी निकालने के लिये लगाये गये नलकूप चालक के खिलाफ शिकायत करने पर नलकूप चालक ने सरेआम उन्हें धमकी दी है। सभासद की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ सभासद तहम्मुल खां ने उक्त कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया।
सभासदों ने सड़क से अतिक्रमण हटाये जाने की मांग की। साथ ही अपने अपने वार्ड में होने वाले विकास कार्यों को कराये जाने एवं सफाई, पानी एवं प्रकाश की व्यवस्था ठीक किये जाने की बात कही। बैठक में कार्यालय अधीक्षक दिनेश वर्मा, वरिष्ठ लेखा अधिकारी डा. राजकुमार रावत, संजय वर्मा, सभासद अमीर हमजझ, वसीम खां, हेदायतुललाह राईनी, राजमती, सितारा देवी, संगीता गुप्ता, राकेश यादव, पप्पू यादव, शम्भू यादव, गणेश गुप्ता, परवेज, वैस अहमद आदि उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ सभासद तहम्मुल खां एवं संचालन अधिशासी अधिकारी दददी प्रसाद ने किया।