सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के देवल स्थित सिद्धपीठ कीनाराम बाबा मठ में शुक्रवार को प्रसाद के चढ़ावे को लेकर मंदिर के पुजारी ने लाठी-डंडे से मारपीट कर मठ के महंथ को घायल कर दिया। घायल महंथ का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। इस मामले में घायल की तहरीर पर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
देवल गांव स्थित सिद्धपीठ बाबा कीनाराम के मठ पर कई महीनों से आंध्र प्रदेश के यशवंत रेड्डी उर्फ महंथ विवेक राम मठ का देखभाल करते हैं। मठ पर भक्तों द्वारा चढ़ावे के रूप में मिले चावल, दाल एवं पैसों से वहां रह रहे साधु संतों को भोजन कराया जाता है। मठ परिसर में ही स्थित बाबा सियाराम मंदिर के मुख्य पुजारी सुभाष तिवारी हमेशा चढ़ावे को लेकर बराबर विवाद करते थे। सुबह मठ पर चढ़ाए गए प्रसाद और पैसों को लेकर मठ के मुख्य पुजारी से बाद विवाद बढ़ गया। इससे गुस्साए सियाराम मंदिर के मुख्य पुजारी ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर मठ के महंथ की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। मठ में पूजा करने पहुंची महिलाओं ने किसी तरह बीचबचाव कर मामला शांत कराया। मारपीट में महंथ विवेक राम घायल हो गए। मारपीट की सूचना पाकर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया। इस मामले में पीड़ित महंत ने थाने में पुजारी के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि घटना में शामिल एक आरोपी सुभाष तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। शेष दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।