सादात। राजकीय हाईस्कूल सौरी के छात्र एवं छात्राओं की विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन शुक्रवार को किया गया। इस प्रदर्शनी में छात्रों की कुल 24 टीमों ने भाग लिया। चार सदस्यीय निरीक्षण दल ने श्रेष्ठ दस टीमों का चयन किया। चयनित टीम के सदस्यों को प्रधानाचार्य आरए यादव ने पुरस्कृत किया। इस प्रदर्शनी में प्रथम दो स्थान पाने वाली टीम के सदस्य 22 नवंबर तक जिला स्तर पर आयोजित होने वाली विज्ञान प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकेंगी।
विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन विद्यालय परिसर में किया गया। इसमें 13 टीमें छात्राओं और 11 टीमें छात्रों की शामिल हुई। प्रदर्शनी का मूल्यांकन प्रति टीम दस अंकों में किया गया। गुंजा और गुड़िया की टीम ने वैक्यूम क्लीनर (गंदगी साफ करने का यंत्र) का प्रदर्शन कर सर्वाधिक दस अंक प्राप्त करके पहला स्थान प्राप्त किया। इसरार, कैफ और तौफीक की टीम ने वाटर मोटर पंप का प्रदर्शन कर दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरा स्थान सर्वेश, जियांद, अभय एवं रोशन की टीम ने कूलर फैन का प्रदर्शन कर प्राप्त किया। शिवकर्मा एवं शहबाज ने रोड ब्रेकर, अनुपमा, आयशा, शबनम एवं सीता ने वायु प्रदूषण गैस और शालिनी पाल एवं चांदनी ने जल चक्र का प्रदर्शन कर चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा सूर्य प्रताप एवं विशाल ने सौर कुकर एवं जल प्रदूषण का प्रदर्शन करके पांचवा-छठां स्थान प्राप्त किया। रुखशाद, प्रिया पूजा ने पवन चक्की एवं जल विद्युत संयंत्र, राम श्रृंगार ने वायु के घटकों और श्रवण कुमार एवं तमन्ना बानो ने जल संग्रह का प्रदर्शन करके सातवां स्थान प्राप्त किया। ममता की टीम को आठवां, गुड़िया की टीम को नौवां और करिश्मा को दसवां स्थान मिला। निरीक्षण टीम में विज्ञान अध्यापक पंकज कुमार, शिक्षक विरेंद्र कुमार, प्यारेलाल कनौजिया एवं रमाशंकर राय शामिल रहे।