नंदगंज। देवकली ब्लॉक के बाल विकास परियोजना की ओर से बीआरसी बरहपुर में शनिवार को सुपोषण स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं तथा बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए रैली भी निकाली गई। इस दौरान बाल विकास पुष्टाहार, ग्राम पंचायत विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हस्तलिखित तख्तियों के माध्यम से महिलाओं तथा बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए आवश्यक संदेश दिए गए। बच्चों को पुष्टाहार वितरित कर महिलाओं और बच्चों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल न जाने वाली किशोरी बालिकाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से आयरन की गोलियां दी गईं और सेनेटरी नैपकिन बांटा गया। बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए स्वच्छ पेयजल और शौचालय के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया। ग्राम प्रधान अर्चना सिंह ने बताया कि आगे भी पोषण माह के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा इसी प्रकार से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुपोषण रैली के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों का वजन लिया। इस मौके पर सीडीपीओ, एबीएसए, प्रधानाध्यापक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, ग्राम प्रधान, सचिव आदि उपस्थित थे।