सैदपुर (गाजीपुर)। अठगांवा के लोदी सिंह द्वारिका सिंह स्टेडियम में चल रहे स्व.हरिकेश सिंह स्मृति इनामी अखिल भारतीय प्रतियोगिता में वेस्टर्न रेलवे मुम्बई और आर्टिलरी हैदराबाद के बीच मैच हुआ। इस में रेलवे मुम्बई ने आर्टिलरी को 3-1 से पराजित किया। दूसरे मैच में विवेक अकादमी वाराणसी और सिगनल (सेना) जालंधर का मैच बराबरी पर रहा।
पहले मैच में वेस्टर्न रेलवे के राजन ने 10वें और 38वें मिनट में दो गोल किए। उसके दो मिनट बाद रेलवे के ही स्टेनली ने शानदार मैदानी गोल कर बढ़त 3-0 कर दी। इसके जबाब में आर्टिलरी के धर्मेंद्र राजा ने 48वें मिनट में एक गोल किया। दूसरे मैच में विवेक अकादमी वाराणसी और सिग्नल जालन्धर आमने सामने रहे। दोनों ओर से अंत तक कोई गोल न होने पर दोनों टीमों को बराबर अंक दिए गए। मैच में रेफरी इमरान खान, अमित माथुर, अमरेश सिंह रहे। टेक्निकल बेंच पर असीम गांगुली रहे। कल का मैच आर्टिलरी हैदराबाद बनाम एसटीसी वाराणसी और वेस्टर्न रेलवे मुम्बई तथा ईऍमई जालन्धर के बीच होगा।