औड़िहार (गाजीपुर)। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के बहुअरा गांव निवासी छात्रा अर्चना की चाकू मारकर की गई हत्या से मर्माहत राजकीय बालिका इंटर कालेज सैदपुर की छात्राओं ने कैंडिल जलाकर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि के दौरान जहां छात्राओं के चेहरे पर गुस्सा साफ झलक रह था। वहीं गम में उनकी आंखें भरी पड़ी थी। घटना से गुस्साई छात्राओं ने हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
इस दौरान छात्राओं ने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते एक होनहार छात्रा की जान चली गई। अगर पुलिस अर्चना की शिकायत को गंभीरता से लेती तो शायद उसकी जान बच गई होती। कॉलेजों के आसपास घूमने वाले सिरफिरों की कमी नहीं है। ऐसे सिरफिरों पर नकेल कसने की आवश्यकता आ पड़ी है। बालिकाओं ने कहा कि हत्यारोपी रंजीत के साथियों को भी नहीं बख्शा जाना चाहिए। इस जघन्य कृत्य में शामिल सभी लोग इस हत्या के जिम्मेदार हैं। इस मौके पर कृष्णा जायसवाल, रानी श्रीवास्तव, अंजलि, विभा, कुसुम एवं, सरस्वती आदि शामिल थीं। इधर सामाजिक संस्था सूर्या की संचालिका सरोज ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि समाज में घिनौने कृत्य करने वाले लोगों को किसी हाल में रियायत नहीं दी जानी चाहिए। महिलाएं जागरूक होकर ऐसे लोगों का तिरस्कार करें और उनके विरुद्ध संगठित होकर हर तरह की लड़ाई के लिए तैयार रहें।