गाजीपुर। नवरात्र के छठे दिन मंगलवार को भी सुबह से लेकर देर शाम तक जगत जननी का मंदिरों में जय-जय कार होती रही। गहमर स्थित मां कामाख्या धाम और करीमुद्दीनपुर स्थित मां कष्टहरणी देवी के दरबार में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां को अपने मन-मंदिर में बसाकर उनसे परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से लेकर शाम तक हवन कुंड में आहुति डालने का सिलसिला चलता रहा। घंट-घड़ियाल बजने और मां के जयकारे से आसपास का वातावरण देवीमया बना रहा।
नवरात्र की शुरुआत से ही एक तरफ जहां घरों में कलश की स्थापना कर सुबह-शाम भक्तों द्वारा देवी दुर्गा की आराधना की जा रही है। वहीं शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिरों में मां के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। छठवें दिन शहर के मिश्रबाजार स्थित काली मंदिर, नवाबगंज स्थित शीतला माता मंदिर, हमीद सेतु स्थित मां काली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन करने वालों की भीड़ उमड़ी। गहमर संवाददाता के अनुसार मां कामाख्या धाम पर भोर से ही भक्तों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। 10 बजते-बजते पूरा मंदिर श्रद्धालुओं से गुलजार हो गया। अधिक भीड़ की वजह से दर्शन के लिए कतार लगी रही। कतार में खड़े भक्त जल्द से जल्द मां के दर्शन के लिए बेताब थे। मंदिर में प्रवेश होते ही भक्तोें का चेहरा खुशी से खिल जा रहा था। वे देवी मां से परिवार की मंगल की कामना करने के बाद दूसरे गेट से बाहर निकले रहे थे। करीमुद्दीनपुर और दुबिहा संवाददाता के अनुसार कष्टभवानी मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। मां के चरणों में पुष्प अर्पित कर दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार नवरात्र के छठे दिन नगर के तहसील परिसर स्थित मनोकामना देवी के दरबार में दर्शन-पूजन के लिए पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों की भीड़ उमड़ने से पूरे दिन मेले जैसी स्थिति बनी रही। शक्ति स्वरूपा के दर्शन के लिए दूसरे जनपदों के भक्त भी आ रहे हैं। इसके अलावा कासिमाबाद, भांवरकोल, दुल्लहपुर, बिरनो, जंगीपुर, दिलदारनगर, भदौरा, मतसा, सुहवल, जमानिया, सैदपुर, खानपुर, शादियाबाद, बहरियाबाद, जखनिया, करंडा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे दिन मां की आराधना की धूम मची रही।