खानपुर। गौरहट गांव में 26 फरवरी को आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया गांव में पहुंचे। निरीक्षण के क्रम में सीडीओ रुद्रनाराण राम को आवंटित किए गए प्रधानमंत्री आवास में पहुंचे, जिसमें स्विच दबा कर उन्हें सौभाग्य उत्सव का शुभारंभ करना है। उक्त आवास में दरवाजा तक नहीं लगा है, प्लास्टर न होने, अंदर गंदगी फैले होने और शौचालय की छत की निर्माण न होने पर सीडीओ की त्योरी चढ़ गई। उन्होंने मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान के भाई रामकिशन यादव को जमकर फटकार लगाई। कहा कि जल्द से जल्द सारी व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए, अन्यथा कार्रवाई तय है। फिर क्या था, आनन-फानन में आवास को सजाने-संवारने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। रात में जेनरेटर चलाकर आवास की साफ-सफाई के साथ की दरवाजा लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया। इसके साथ ही शौचालय पर छत और टंकी का कार्य भी शुरू कर दिया गया।
खानपुर। थाना क्षेत्र के गौरहट गांव में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारी चल रही है। सड़कों की दशा सुधारने के साथ ही कार्यक्रम स्थल के आस-पास साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर हो रहा है। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने सीडीओ के साथ तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम से एक दिन पूर्व सोमवार को तैयारियों की रफ्तार काफी बढ़ गई थी। । पिछले कई दिनों से सड़कों को दुरुस्त करने के साथ जिस रास्ते से राष्ट्रीय अध्यक्ष को आना है, उसे भी चमकाने का कार्य पूरा कर लिया गया है।