गाजीपुर। प्रधानमंत्री श्रम- योगी मानधन पेंशन योजना के तहत श्रम विभाग में सोमवार को आयोजित पंजीकरण शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया। 15 फरवरी से प्रारंभ इस योजना के लिए सभी सहज जन सेवा केंद्रों पर आधार कार्ड तथा बैंक पास बुक के साथ रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
लोगों की सुकिधा के लिए श्रम विभाग कार्यालय परिसर में लगाए गए शिविर में दूर दराज से आए लोगों ने पंजीकरण कराया। निर्धारित प्रारुप के तहत बैंक डाटा, आधार संख्या आदि फीड करने के बाद संबंधित व्यक्ति को योजना का कार्ड प्राप्त हो जा रहा है। इस योजना में 15 हजार मासिक आय वाले असंगठित श्रमिकों जिनकी उम्र 18 से 40 साल है, शामिल हो सकते है। बाद में 60 साल की अवस्था पूरी हो जाने के बाद तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिया जाएगा। इसमें अलग-अलग आयु के अनुसार मासिक किस्त भी लिया जाएगा। यह किश्त संबंधित लाभार्थी के खाते से स्वत: ही काट लिया जाएगा। खास बात यह है कि जितना श्रमिक के खाते से धन काटा जाएगा उतना ही अंशदान सरकार करेगी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी सूरज तिवारी ने कहा कि अभी पंजीकरण की कोई अंतिम तिथि नहीं है। अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ ले सकते है। इसी क्रम में लइक अहमद ने बताया कि इस योजना सभी लोगों के लिए है। मानक के तहत आने वाला हर व्यक्ति आवेदन कर सकता है।