जमानिया(गाजीपुर)। स्थानीय तहसील के सामने स्थित रामलीला मैदान में सोमवार को दिन में श्री प्राचीन रामलीला समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने नगर के लोगों के साथ बरुइन कांड में फर्जी खुलासा को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान श्री गुप्ता ने कहा कि पुलिस निर्दोषों को फंसा रही है। हत्याकांड में आरोपियों को पकड़ने के बजाए दुकान संचालक विनोद गुप्ता, विक्की शर्मा आदि को फंसा दिया। जबकि इन लोगों का हत्या से कोई संबंध नहीं है। कहा कि अपराधी अगर दुकान से कुछ खरीदता है और दुकान के पास आपराधिक घटना को अंजाम देता है तो दुकानदार दोषी हो जाता है। उन्होंने कहा कि निर्दोषों को अविलंब छोड़ा जाए। उन्होंने सीओ जमानिया पर कई गंभीर आरोप लगाए। चेताया कि निर्दोष विक्की शर्मा, विनोद गुप्ता पर से अविलंब मुकदमा वापस लिया जाए अन्यथा यह धरना-प्रदर्शन आमरण अनशन में तब्दील हो जाएगा। कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होगी तब तक धरना चलता रहेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता बालकृष्ण द्विवेदी, संजय गुप्ता, नीरज वर्मा, आनंद तिवारी, रामजी शर्मा, रामप्रवेश गुप्ता आदि उपस्थित थे।