बहरियाबाद (गाजीपुर)। सामुदायिक केंद्र बहरियाबाद में शनिवार को समारोह का आयोजन कर लोगों को जड़ी- बूटी के पौधों का वितरण किया गया। इस माध्यम में लोगों में आयुर्वेदिक खेती के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया जा रहा है। इस मौके पर इन जड़ी बूटियों के रखरखाव के साथ ही इनके प्रयोग की विस्तार से जानकारी दी गई।
इस मौके पर पतंजलि योग समिति जखनियां के महामंत्री श्याम नारायण ने कहा कि यह कार्यक्रम पतंजलि योग पीठ के आचार्य बालकृष्ण के जन्म दिवस के अवसर पर देश भर में पतंजलि साप्ताहिक जड़ी- बूटी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को देश की प्राकृतिक जड़ी बूटियों से स्वस्थ रहना बताना है। इसी क्रम में जय प्रकाश योगी ने गिलोय, एलोवेरा, तुलसी, नीम, अश्वगंधा, नागदोन, श्वेत मूसली, आंवला, अर्जुन, बहेड़ा, हरड़, मकोय, ब्राह्मी, तेजपत्र, अर्जुन, पुत्रजीवक, कड़ी पत्ता आदि जड़ी- बूटियों के स्वरूप तथा उनके रासायनिक गुणधर्म के साथ ही उनकी भिन्न-भिन्न रोगों में उपचार विधि को विस्तार से बताया। इसी क्रम में घर-घर जाकर जड़ी बूटियों को लगवाने की भी बात कही। संकल्प दिलवाया कि परमात्मा की दी हुई एवं अपने ऋषि-मुनियों के इस ज्ञान को दूसरों तक पहुंचाएंगे। इस मौके पर लोगों की ओर से पूछे गए सवालों का भी जबाब दे कर उनकी जिज्ञासा को शांत किया। कार्यक्रम में राजीव कुमार, चंद्रकांत, अमन कुमार, धनंजय, सुशीला, सरिता, ममता, विजय कुमार, प्रिया, अजय, कमलेश्वर आदि लोग मौजूद रहे।