सेवराई(गाजीपुर)। जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे मंगलवार को तहसील क्षेत्र के भदौरा ब्लाक अंतर्गत देवकली गांव पहुंचे। इस दौरान निरीक्षण कर उन्होंने शौचालयों की हकीकत जानी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आज जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे ने देवकली गांव में घर-घर जाकर शौचालयों की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने लाभार्थियों से शौचालय निर्माण में आने वाले किसी भी परेशानी को बताने को कहा। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में शौच न करे। इस संदर्भ में जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सूची के अनुसार कुल 166 लाभार्थियों के शौचालय बनवाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 101 शौचालयों का निर्माण लगभग हो चुका है। सभी शौचालय मानक के अनुसार गुणवत्तायुक्त बनाए गए हैं। शेष शौचालयों का निर्माण भी शीघ्र करा लिया जाएगा। इस मौके पर प्रभारी एडीओ पंचायत रमाकांत सिंह, एडीओ एसटी मृत्युंजय कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी संगीता कुशवाहा, प्रधान कमलेश कुशवाहा, सिंहासन राम, धर्मेंद्र राम, वीरबहादुर, ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर उज्जवल भारती आदि उपस्थित थे।