गाजीपुर। शहर के पुलिस लाइन के पास नवीन स्टेडियम के निर्माण कार्य को पंख लग गए हैं। करोड़ों की लागत से बनने वाले इस स्टेडियम में पानी के लिए बोरिंग का काम पूरा करने के बाद पिलर बनाकर चहारदीवारी निर्माण का काम किया जा रहा है। इसके बाद प्रशासनिक भवन, गेट, गार्ड रूम आदि का निर्माण होगा।
जिले में नवीन स्टेडियम की जरूरत को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने महीनों पहले पुलिस लाइन के पास खाली पड़ी 6.310 हेक्टेयर (लगभग 26 बीघा) जमीन पर मंजूरी प्रदान की थी। सरकार की तरफ से मंजूरी मिलने के बाद इस वर्ष के जनवरी माह में समारोहपूर्वक आयोजित कार्यक्रम में स्टेडियम का शिलान्यास किया गया था। स्टेडियम बनने के बाद क्रिकेट, हॉकी, एथलेटिक्स, फुटबाल, वॉलीबाल, बास्केटबाल, कुश्ती आदि खेलों की बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा सकेगा। इसके अलावा प्रशासनिक भवन, दर्शक दीर्घा का भी निर्माण कराया जाएगा। करोड़ों की लागत से बनने वाले स्टेडियम में पानी के लिए बोरिंग का काम पूरा किया जा चुका है। सौ से अधिक पिलर निर्माण कर चहारदीवारी बनाने का काम चल रहा है। इस संबंध में उप क्रीड़ाधिकारी जवाहरलाल यादव ने बताया कि नवीन स्टेडियम निर्माण के लिए पहले चरण में दो करोड़ आठ लाख तथा दूसरे चरण में दो करोड़ 62 लाख सहित चार करोड़ सत्तर लाख की धनराशि कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराई जा चुकी है।