मुहम्मदाबाद। क्षेत्र पंचायत मुहम्मदाबाद की विशेष बैठक शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत परिसर में पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। इसमें मनरेगा योजना अंतर्गत वर्ष 2018-19 की कार्ययोजना एवं लेबर बजट सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार किया गया।
क्षेत्र पंचायत की पिछली बैठक में हंगामा एवं मारपीट के चलते इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। क्षेत्र पंचायत, ग्राम प्रधान या किसी भी सदस्य के प्रतिनिधि को बैठक में भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई। बैठक के प्रारंभ में खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय ने पिछली कार्रवाई को पढ़कर सुनाया। इसकी सभी उपस्थित सदस्यों ने पुष्टि की। बैठक में महात्मा गांधी, राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत वर्ष 2018-19 की कार्ययोजना एवं लेबर बजट पर विचार के दौरान खंड विकास अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष इस योजना में 4 करोड़ 92 लाख रुपया प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत में 4500 शौचालय निर्माण किया जाना था जिसमें 3805 शौचालय बनाए गए। इसके अलावा कृषि कार्यक्रम एवं पशुपालन पर विचार किया गया। मनरेगा योजना की 2018-19 की कार्ययोजना स्वीकृत की गई। बैठक में पूर्व ब्लाक प्रमुख चंदा यादव ने कहा कि वर्ष 2017-18 की कार्ययोजना की जानकारी दी जाए।
रघुवरगंज के ग्राम प्रधान संजू जायसवाल ने रघुवरगंज एएनएम सेंटर पर विगत 3 वर्ष से किसी एएनएम की नियुक्ति न होने का मुद्दा उठाया जिसका ग्राम प्रधानों ने जोरदार समर्थन किया। इसके जवाब में यूनिसेफ के बीएमसी नीरज श्रीवास्तव ने इस सेंटर पर जल्द से जल्द नियुक्ति करने का आश्वासन दिया। नत्थनपुर के ग्राम प्रधान पप्पू खां ने कहा कि हमारे ग्राम पंचायत में 14वें वित्त का आज तक खाता ही नहीं खुला और न ही उसमें कोई धनराशि प्राप्त हुई जिसका समर्थन ग्राम प्रधान टड़वा कृपाशंकर राय ने किया। इसके जवाब में खंड विकास अधिकारी अरूण कुमार पांडेय ने बताया कि नवगठित जिले की 13 ग्राम पंचायतों में इस तरह की समस्या है। इसी तरह हमारे विकास खंडों की 2 नवगठित ग्राम पंचायतों में भी कोई धनराशि प्राप्त नहीं हुई है। इसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है। ब्लाक प्रमुख रामकृत सिंह यादव ने क्षेत्र पंचायत परिसर में कोई सभागार न होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सांसद और एमएलसी द्वारा सभागार बनाने की घोषणा की गई थी लेकिन उसके न बनने से आज शीतलहर के बावजूद टेंट डालकर क्षेत्र पंचायत की बैठक करनी पड़ रही है। इसका समर्थन करते हुए ग्राम प्रधान टड़वा कृपाशंकर राय ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र पंचायत के लिए अपमानजनक है। बैठक में आपूर्ति विभाग, बिजली विभाग एवं शिक्षा विभाग के किसी अधिकारी के न आने पर सदस्यों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पास किया। बैठक में सांसद प्रतिनिधि प्रमोद राय, विधायक प्रतिनिधि सतीशचंद्र राय, ग्राम प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चंचल, सीडीपीओ वृंदा सिंह, रामधनी राम, ग्राम प्रधान शशिकांत शर्मा भुवर, भोला गुप्ता, बिहारी यादव, प्यारे मोहन यादव, प्रेमप्रकाश तिवारी, सत्यानंद पाठक, कृपाशंकर राय, विनय कुमार राय, सूर्यभान राय, ईश्वरचन्द्र राय, संजय राय आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख रामकृत सिंह यादव ने की।