दिलदारनगर (गाजीपुर)। राजकीय रेलवे पुलिस ने गुरुवार की देर रात जमानिया रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी लेने के बाद उनके पास से 17 चोरी की मोबाइल, एक सोने की अंगूठी और 2800 रुपये बरामद किए। पकड़े गए दो संदिग्धों को जीआरपी पुलिस ने चालान कर वाराणसी भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक जमानिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर चेकिंग अभियान चल रहा था। इसी बीच झोला के साथ दो संदिग्ध व्यक्ति इधर-उधर घूम रहे थे। तभी पुलिस की नजर पड़ते ही अभियुक्त भागने लगे। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और तलाशी के दौरान झोले में 17 अदद चोरी की मोबाइल, एक सोने की अंगूठी के साथ 2800 रुपये नगद बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना नाम भोजपुर जनपद के बिहिया थाना क्षेत्र के राजेश उर्फ करन जायसवाल और अखिलेश कुमार वर्मा बताया। इस संबंध में चौकी प्रभारी केदार नाथ मौर्य ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कई ट्रेनों में चोरी, छिनैती तथा रेल की कई घटनाओं में शामिल होने बताया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर जेल भेज दिया गया।