सैदपुर (गाजीपुर)। खानपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के सामने सोमवार को सूमो पलटने से सात लोग घायल हो गए। घटना में स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएसची इलाज के लिए भेजा, जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल वृद्ध महिला सहित किशोर को उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के नादी गांव निवासी सारनाथ के पुत्र सतीश की तबियत खराब थी। इलाज के लिए परिजन उसे निजी वाहन से वाराणसी ले जा रहे थे। जब निजी वाहन गोपालपुर गांव के सामने पहुंची। उसी दौरान सड़क पर कोई जानवर आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गया। इस घटना में संजय (30), तारा देवी (55), सावित्री देवी (50), रामा (66), अमित (30), कासिनाथ (60), सतीश (35), लालबहादुर (16) घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सरकारी एंबुलेंस से सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सावित्री और लालबहादुर की हालत गंभीर होता देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जबकि अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।