क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के चुनाव के लिए 16 ब्लॉकों में 40 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इस दौरान चार उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। शनिवार को नाम वापसी के बाद रविवार को प्रमुखी की कुर्सी के लिए मतदान कराया जाएगा। उधर, नामांकान प्रक्रिया के दौरान ब्लॉक पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दौरा कर व्यवस्थाओं पर निगाह रखी और अधीनस्थों को निर्देश दिए। जबकि नामांकन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। प्रत्याशी अपने समर्थकों संग नामांकन के लिए पहुंचे थे।
शुक्रवार को दिन में 11 से 3 बजे तक हुए नामांकन में सभी 16 ब्लाकों में 40 प्रत्याशियों की ओर से पर्चा दाखिल किया गया।
3 बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच शुरु हुई। इस दौरान दो विकास खंडों में जांच में 1-1 उम्मीदवारों का पर्चा खारिज हो गया। बिरनो : एआरओ संजीव वर्मा ने बताया कि जाति प्रमाण न लगाने पर सुभाष गुप्त का पर्चा खारिज हो गया। एसे में प्रवीण यादव का निर्विरोध निर्वाचन तय है।
कासिमाबाद : एआरओ बृजेश सिंह ने बताया कि 1 सेट में जाति प्रमाण पत्र तथा दूसरे में प्रस्तावक का हस्ताक्षर मिलान न होने पर कांता राम का पर्चा खारिज हो गया। ऐसे में श्याम नारायण का निर्विरोध निर्वाचन तय है। सदर विकास खंड के एआरओ सतीश सिंह ने बताया कि जांच में आलोक और अंगद के पर्चे वैध पाए गए।
करंडा : एआरओ राजेश मिश्र ने बताया कि पांच उम्मीदवारों राजेश सिंह, सुभाष, आशीष, रजावती और सुशीला के पर्चे वैैध पाए गए। मनिहारी ब्लॉक में लीलावती यादव, प्रियंका सिंह, शीला राजभर तथा प्रतिभा चौबे की ओर से दाखिल पर्चा जांच में सही पाया गया।
मुहम्मदाबाद : रामकृत सिंह यादव, रामजीत यादव तथा मंजू के दाखिल पर्चे सही पाए गए। सुहवल : रेवतीपुर ब्लाक में मुकेश राय के प्रस्तावकों ने चार सेट, प्रिया सिंह और संजय शर्मा ने दो-दो तथा मनोज सिंह ने एक सेट में नामांकन दाखिल किया। यहां ब्लॉक पर सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए।
सादात : सपा समर्थित कमलेश सिंह तथा उन्हीं के परिवार की अर्चना सिंह का पर्चा जांच में वैध पाया गया। भांवरकोल : कौएद प्रत्याशी अंजू और सपा समर्थित अलावती की ओर से दाखिल नामांकन पत्र वैध पाए गए। जमानिया : सपा प्रत्याशी सीमा यादव, विपुल कुमार और हरिवंश तीनो के पर्चे सही पाए गए।
भदौरा : सुनीत कुशवाहा और प्रेमशीला की ओर से नामांकन दाखिल नामांकन वैध पाए गए। देवकली : ब्लाक में माधुरी, रम्भा और साधना की ओर से तथा जखनिया में किरन सिंह और प्रेमलता, दुबिहा के बाराचंवर ब्लाक में सपा समर्थित प्रियंका सिंह और जय कुमारी की ओर से दाखिल पर्चे वैध पाए गए।
मरदह : एक मात्र प्रत्याशी डा. निधि सिंह कुशवाहा तथा सैदपुर में मंजू का निर्विरोध निर्वाचन तय है।