जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बरुइन मोड़ पर सोमवार की सुबह शट डाउन लेकर विद्युत खंभा पर फाल्ट ठीक करते समय अचानक करेंट आने से संविदा लाइनमैन नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया।
मालूम हो कि क्षेत्र के मदनपुरा गांव निवासी संविदा लाइनमैन हीरालाल गुप्ता (50) शट डाउन लेकर बरुइन मोड़ पर लगे विद्युत खंभा पर चढ़कर सोमवार की सुबह करीब आठ बजे फाल्ट ठीक कर रहा था। इसी दौरान अचानक तार में करेंट आ गया, जिससे झटका लगने से वह जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। साथ मौजूद लाइनमैन लोगों की मदद से आनन-फानन में हीरालाल को निजी अस्पताल में लाए। जानकारी होते ही परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि उसकी हालत में सुधार है। इस संबंध में एसडीओ विद्युत बीके राव ने बताया कि खंभा के तार में इनवर्टर का रिटर्निंग करेंट आने की वजह से झटका लगा और संविदा कर्मी खंभा से नीचे गिरकर घायल हो गया। निजी चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया है। घायल कर्मी के साथ विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौजूद हैं। उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।