गाजीपुर। लोकसभा चुनाव की मतगणना गुरुवार को जंगीपुर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के परिसर में होगी। प्रत्येक विधानसभा के लिए लगाई गई चौदह-चौदह टेबुलों पर चक्रवार मतों की गणना की जाएगी। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से होने वाली मतगणना के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। गाजीपुर संसदीय सीट पर 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होगा।
लोकसभा चुनाव के तहत 19 मई को मतदान कराया गया था। सातवें एवं अंतिम चरण में हुए चुनाव में जिले के सात विधानसभा क्षेत्र के 26 लाख 49 हजार 190 मतदाताओं में से 15 लाख 51 हजार 356 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग कर चौदह प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला किया था। मतदान के बाद अब मतगणना के इंतजार की घड़ी समाप्त हो गई है। सुबह आठ बजे से होने वाली मतों की गणना की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती के लिए चौदह-चौदह टेबुल लगाए गए हैं। इन पर चक्रवार मतों की गणना की जाएगी। आयोग के निर्देशानुसार, मतगणना स्थल पर गणना कर्मी एवं कोई भी एजेंट मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। बुधवार को परिसर की साफ-सफाई के साथ ही गणना कार्य से संबंधित अन्य सभी तैयारी शाम तक पूरी कर ली गई। मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तरफ से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह बैरीकेडिंग की गई है। इसके अलावा पुलिस एवं पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है। आज दिन में पीएसी एवं पुलिस कर्मियों ने जंगीपुर बाजार के साथ ही नगर के विभिन्न मुहल्लों में रूट मार्च किया।