विद्या ज्ञान स्कूल की प्रवेश परीक्षा रविवार को आयोजित हुई। इस परीक्षा में जिले की विभिन्न तहसीलों के 1081 परीक्षार्थी बैठे। जिले के दो परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में कराई गई परीक्षा में 155 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से कक्षा 6 में दाखिले के लिए हर वर्ष प्रवेश परीक्षा कराई जाती है। इस बार रविवार को हुई प्रवेश परीक्षा में पांच तहसीलों के 1236 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए। इनमें 800 बालक एवं 436 बालिकाओं को बैठना था।
जिले में राजकीय सिटी इंटर कालेज एवं भुड़कुड़ा स्थित रामबरनदास इंटर कालेज परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। राजकीय सिटी इंटर कालेज परीक्षा केन्द्र पर सदर, मुहम्मदाबाद और जमानिया तहसील क्षेत्र के 484 बालक एवं 281 बालिका सहित कुल 768 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
जबकि रामबरनदास इंटर कालेज के केन्द्र पर सैदपुर और जखनिया तहसील क्षेत्र के 315 बालक एवं 153 बालिका सहित कुल 468 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में बालिकाओं ने परीक्षा दी।
जबकि दूसरी पाली में बालकों की परीक्षा हुई। आज की परीक्षा में दोनों परीक्षा केन्द्र पर कुल 155 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। नोडल अधिकारी खंड शिक्षाधिकारी निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं लखनऊ भेजी जा रही है।
मार्च के पहले पखवारे के अंत तक परीक्षा परिणाम आने की संभावना जताई। राजकीय सिटी इंटर कालेज स्थित केन्द्र पर नगर शिक्षाधिकारी पूर्णिमा श्रीवास्तव के अलावा अदनान अहमद एवं पियूष मौजूद थे।