सुहवल(गाजीपुर)। हमीद सेतु की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। इसके बावजूद वाहनों का संचालन अभी शुरू नहीं हो सका है। सेतु की वर्तमान स्थिति को देखते हुए एवं यातायात को सुचारु बनाने को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं प्रशासन के बीच कई बार बैठक हो चुकी है, लेकिन अभी तक दोनों ही विभाग यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि वाहनों का संचालन कब से शुरू हो। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सेतु की मरम्मत होने के बावजूद अभी तक इसे छोटे-बड़े वाहनों के लिए न खोले जाने से लोगों में नाराजगी है। बहुत से मालवाहक वाहन सेतु को आवागमन के लिए खोले जाने का 10 दिनों से इंतजार करते हुए विभिन्न मार्गों के किनारे खड़े हैं। हर कोई सेतु के चालू होने के इंतजार में टकटकी लगाए बैठा है। कई दिनों से सेतु पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर देने के चलते लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस संबंध में एनएचएआई वाराणसी के परियोजना निदेशक समर बहादुर सिंह ने कहा कि हमीद सेतु की मरम्मत पूरी होने के बाद हमने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। अब यह प्रशासन को तय करना है कि वाहनों का संचालन कब और किस तरीके से कब से शुरू कराना है।