गाजीपुर। सावन माह के छठवें दिन गुरुवार को भी नगर के साथ ही जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने शिव का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर उनसे परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान कई स्थानों पर रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा भोले का जयकारा लगाने और घंटा-घड़ियाल बजाने से आस-पास का वातावरण पूरी तरह से शिवमय बना रहा।
मरदह संवादाता के अनुसार पवित्र सावन माह के पहले दिन से दिन ही महाहर धाम में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से गुलजार रह रहा है। छठें दिन गुरुवार को भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थी धाम पर पहुंचे। भीड़ की वजह से भक्तों को लाइन में खड़ा रहना पड़ा। बारी-बारी से श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश किया। इसके बाद भोले के चरणों में भांग-धतूरा, फूल-माला अर्पित करने के साथ ही बाबा का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर उनसे अपने परिवार के लिए मगंल की कामना की। दर्शन-पूजन करने वालों में महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक रही। भक्तों द्वारा भोले का जयकारा लगाने और घंट-घड़ियाल बजाए जाने से आसपास का वातावरण पूरी तरह से शिवमय बना रहा। सावन माह के पहले दिन से कई गांव के मंदिरों में माताओं-बहनों एवं पुरुषों द्वारा सुबह-शाम कीर्तन-भजन किया जा रहा है। इसके साथ ही करीमुद्दीनपुर, भांवरकोल, कासिमाबाद, सिधागरघाट, मुहम्मदाबाद, गहमर, दिलदारनगर, सेवराई, जमानिया, मतसा, दुल्लहपुर, बिरनो, जंगीपुर, खानपुर, सैदपुर, औड़िहार, देवकली, नंदगंज, करंडा, शादियाबाद, बहरियाबाद, सादात, भीमापार, जखनिया आदि ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में भी सावन माह के पहले दिन ही दर्शन-पूजन करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।