करंडा। संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा स्रोत अध्यात्मिक गुरु थे। उनकी सोच भारत को विश्व शिखर पर स्थापित करना रही है। यह बातें उन्होंने स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मैनपुर स्थित नवयुवक स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज के 38वें वार्षिक समारोह के अवसर पर शुक्रवार को कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि भारत आगामी पांच वर्षों में विकास लक्ष्य के संपूर्ण मानक को पूरा कर शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार आदि क्षेत्रों में पूर्णत: सक्षम हो सके। प्रधानमंत्री विश्व के तीसरे ऐसे नेता बन गए हैं जिन्हें विश्व स्तर पर सम्मान प्राप्त है। प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं चिकित्सा स्वास्थ्य राज्यमंत्री महेंद्र प्रताप सिंह ने स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, महेंद्र प्रताप सिंह, विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल एवं विधायक डा. संगीता बलवंत ने माल्यार्पण एवं मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर की। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। समारोह में भाजपा के जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, सुनील सिंह, ओमप्रकाश राय, अच्छेलाल गुप्ता, रामनरेश कुशवाहा, अखिलेश सिंह, वृजनंदन सिंह, पप्पू सिंह, विनोद अग्रवाल, पवनंजय पांडेय आदि उपस्थित थे। अंत में विद्यालय के प्रबंधक ओमप्रकाश सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।