गाजीपुर। जिले में संचालित राजकीय हाईस्कूल एवं इंटर कालेजों के विकास के लिए गठित विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों को प्रशिक्षित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में शुरू होगा। इस प्रशिक्षण का लाभ प्रत्येक विद्यालय पर गठित पंद्रह सदस्यीय समिति के सदस्यों को मिलेगा।
विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों को प्रशिक्षित करने के लिए प्रदेश स्तर पर मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षित किए जा चुके हैं। यह प्रशिक्षण लेकर राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य राम अवतार यादव और राजकीय हाईस्कूल खानपुर के शिक्षक गोपीनाथ मौर्या लखनऊ से वापस आ चुके हैं। जिले के राजकीय विद्यालयों में इस प्रशिक्षण को शुरू करने की तैयारी राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान की तरफ से शुरू कर दी गई है। मास्टर ट्रेनर रामअवतार यादव ने बताया कि इस प्रशिक्षण को संपन्न कराने के लिए विभाग की ओर से बजट उपलब्ध करा दिया गया है। प्रत्येक राजकीय विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन एव विकास समिति के अलावा दो उपलब्ध समितियों का गठन किया गया है। शैक्षिक समिति शिक्षा से संबंधित गुणवत्ता की जांच करेगी जबकि निर्माण समिति विद्यालय में होने वाले हर निर्माण कार्य पर नजर रखेगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित समिति के लोग विद्यालय में नामांकन, गुणवत्ता और संप्राप्ति से लेकर निर्माण कार्य तक का निरीक्षण करेगी।