मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। नगर के अति प्राचीन नागा बाबा बाल हनुमान मन्दिर परिसर से सोमवार की रात में महावीरी झण्डा जुलूस निकाला गया। जुलूस में हाथी-घोड़े के अलावा लगभग तीन दर्जन से अधिक झांकियां शामिल थीं जिस पर देवता विराजमान थे।
श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन निकलने वाला परम्परागत महावीरी झण्डा जुलूस देर शाम को नागा बाबा हनुमान मन्दिर परिसर से प्रारम्भ होकर आतिशबाज मुहल्ला, अग्रवाल टोली, क्षत्रधारी मोड़ होते हुए शाहनिन्दा मन्दिर तक गया। वहां से शैवटोला, चौक, सदर रोड, तहसील तिराहा, हाटा रोड, यूसुफपुर बाजार, फाटक, इलाहाबाद बैंक रोड वकीलबाड़ी होते हुए पुन: बाल हनुमान मन्दिर पर जाकर समाप्त हुआ। जुलूस में आगे-आगे हाथी, घोड़े एवं हाथों में महावीरी झण्डा लेकर लहर-लहर लहराये जग में प्यारा झण्डा राम का गाते हुए युवक चल रहे थे। लगभग तीन दर्जन से अधिक रथों पर हनुमानजी, गणेशजी, शंकर पार्वती, राम लक्ष्मण जानकी, विष्णु भगवान एवं मां लक्ष्मी, मां काली, श्रवण कुमार, राधेकृष्ण आदि की आकर्षक झाकियां चल रही थी। सबसे पीछे डीजे की धुन पर सैकड़ों की संख्या में उत्साहित युवक नाचते गाते चल रहे थे। जुलूस को संपन्न कराने में मन्दिर के पुजारी सुख्राम दास महाराज, गृतेश अग्रवाज उर्फ बबुआ भाई, संदीप उर्फ दीपू गुप्ता, रामजी गिरी, दिनेशचन्द्र अग्रवाल, रामबहादुर तिवारी, भूपेन्द्र वर्मा, विनय राय, गोपी पाण्डेय, गगन अग्रवाल, विन्ध्याचल चौहान, विवेकानन्द, ओपी गिरी आदि लोग लगे रहे। जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए उपजिलाधिकारी शिवप्रसाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद डा. कृष्णकान्त सरोज, कोतवाल विमल कुमार मिश्रा, एसआई विजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ जुलूस के साथ-साथ चल रहे थे। जुलूस पर छतों से लोग पुष्प वर्षा कर रहे थे। वही जगह-जगह रथों पर सवार देवताओं की श्रद्धालुओं ने आरती उतारी।