सुहवल (गाजीपुर)। क्षेत्र के ढढ़नी स्थित 33/11 विद्युत सब- स्टेशन से दर्जनों गांवों को विद्युत आपूर्ति होती है, लेकिन फाल्ट के नाम पर बेतहाशा कटौती की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा 18 घंटे विद्युत आपूर्ति के आदेश के बाद भी आठ से नौ घंटे ही बिजली मिल रही है। बिजली मिल भी रही है तो लो-वोल्टेज की वजह से उपभोक्ता उसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। लो-वोल्टेज की वजह से कूलर-पंखा पूरी रफ्तार से न चलने से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। वहीं मोटर न चलने से खेतों की सिंचाई कार्य में भी अवरोध उत्पन्न हो रहा है। इस समस्या से लोगों को कैसे निजात मिलेगी, इसका जवाब देने में विभागीय अधिकारी कतरा रहे हैं।
लगभग दस दिनों से सुगवलिया,खजुहा, मुरतपुरा, सोनवल, अंहारीपुर, अंधियारा, चकिया, दुहिया भगीरथपुर, पिपरा आदि गावों में फाल्ट के नाम पर बेतहाशा कटौती की जा रही है। अगर बिजली मिल भी रही है तो लो-वोल्टेज की वजह उपभोक्ता बिजली का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। सोनवल के सत्यप्रकाश, सुगवलिया नागेंद्र यादव, खजुहा बबलू यादव, मुरतपुरा लालबहादुर कुशवाहा, अंहारीपुर फूलचंद पाल, चकिया रामबिलास औक अंधियारा गांव के मदन कुमार आदि ने बताया कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही के चलते विद्युत आपूर्ति में अवरोध उत्पन्न हो रहा है। मनमाने ढंग से आपूर्ति की जा रही है। एक तरफ जहां प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटा बिजली आपूर्ति का आदेश है। वहीं इन गांव में आठ से नौ घंटा ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। अगर बिजली रह भी रही है तो वोल्टेज इतना कम आ रहा है कि उपभोक्ता इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं। नलकूप के मोटर न चलने से खेतों की सिंचाई करने में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय उच्चाधिकारियों से समास्या की लिखित शिकायत की गई, लेकिन आज तक इस समस्या का निकारण नहीं हो सका। अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उपभोक्ता सड़क पर उतरने को विवश होंगे। इस संबंध में जमानिया एसडीओ डीके राव बात करने पर जवाब देने से कतराते रहे।