गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर मनोविज्ञान, डिपार्टमेंट ऑफ़ अप्लाइड साइकोलॉजी डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि विद्यार्थी अध्ययन क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ-साथ जीवन एवं रोजगार के लक्ष्य भी तय कर लें। मनोविज्ञान आधुनिक जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में व्याप्त है। शिक्षा, संगठन, स्वास्थ्य, उद्योग, प्रबंधन, खेल, राजनीति, प्रशासन आदि सभी क्षेत्रों में मनोवैज्ञानिक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान का क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है और इसमें रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। ये बातें उन्होंने राजकीय महिला पीजी कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग के स्नातक अंतिम वर्ष की छात्राओं की विदाई एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बुधवार को कही।
इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डॉ. सविता भारद्वाज ने संत रविदास एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्पण से किया। इस दौरान शिखा यादव को स्पेशल स्टूडेंट अवार्ड, अर्पिता श्रीवास्तव को बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड, आतिया खानम को मिस फेयरवेल तथा सबा परवीन का चुनाव मिस जीनियस के रूप में किया गया। मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य ने मनोविज्ञान परिषद की ओर से कराए गए चार्ट, पोस्टर, निबंध एवं आशु भाषण प्रतियोगिता की विजेताओं अदिति सिंह, कनीज फातमा, स्नेहा राय, पल्लवी पांडेय, रिफत फातमा, अर्पिता श्रीवास्तव, मुग्धा गर्ग, नीतू मोदनवाल, शालिनी गोंड, अंजना वर्मा, शबनम बानो आदि को पुरस्कृत किया। संचालन पल्लवी पांडेय एवं रिफत फातमा तथा आभार ज्ञापन डॉ. शिवकुमार ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. सतेंद्र सिंह, डॉ. अमित यादव, डॉ. पूजा सिंह, डॉ. सारिका सिंह, डॉ. अकबर आजम, डॉ. निरंजन यादव आदि उपस्थित रहीं।