गाजीपुर। नगर के मियापुरा स्थित एनसीसी कार्यालय में बुधवार को वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 92 यूपी बटालियन एनसीसी के छात्र सैनिकों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर में छात्र सैनिकों को हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, शारीरिक शिक्षा, प्राथमिक उपचार, आपदा से बचाव के तरके के साथ ही यातायात के नियमों एवं अग्नि शामक दल के संबंध में सूबेदार बीबी गोरंग और नायब सूबेदार संतोष ने जानकारी दी। कमांडिंग आफिसर कर्नल ओमप्रकाश राय ने बताया कि 21 दिसंबर से पीजी कालेज के ग्राउंड पर प्रशिक्षण शिविर का प्रारंभ होगा, जो 30 दिसंबर तक चलेगा। इस शिविर में गाजीपुर, मऊ एवं वाराणसी के कुल चार सौ कैडेट भाग लेंगे। कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सामाजिक कार्य एवं देश के विकास में युवा शक्ति को जागरूक करना है, जिससे कि छात्र सैनिकों में एकता और अनुशासन की भावना बनी रहे और हमारा देश विकास के रास्ते पर अग्रसर हो।