दिलदारनगर(गाजीपुर)। मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया ने ग्राम नगसर में रहने वाले मुसहर समुदाय के व्यक्तियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दिए गए आवास का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सरकार की लाभकारी सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को नवंबर माह तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सीएमओ को गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाकर स्वास्थ्य, द्विव्यांग प्रमाण पत्र एवं साफ-सफाई के लिए सभी को साबुन की व्यवस्था कर देने को कहा। गरीबों की शादी के लिए मैरेज हाल बनाने का अनुरोध पर सीडीओ ने प्रधान को निर्देश दिया कि जमीन चिह्नित कर उपलब्ध कराएं। उन्होंने डेढ़गांवा में मुसहर बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया। नौ मुसहर व्यक्तियों मुनिया, ओमप्रकाश, दिनेश, गिरजा, मुन्ना, बृजेश, चुनमुन, झगडू एवं लालू बनवासी के खाते में पैसा जा चुका है और कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही शेष सभी के खाते में पैसा प्रदान कर दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने फोन से बेसिक शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में ड्रेस एवं अन्य सामग्री बाटंने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जीसी मौर्या, नशा मुक्ति एवं युवा कल्याण समिति एवं कार्यक्रम के आयोजक फणीन्द्रनाथ राय, चिकित्सक मनीष राय आदि उपस्थित थे।