गाजीपुर। अघोराचार्य बाबा कीनाराम के अवतरण दिवस पर नगर के चीतनाथ गंगा किनारे स्थित बौड़हिया मठ पर सर्वेश्वरी समूह पड़ाव वाराणसी की तरफ से नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम पड़ाव के पीठाधीश्वर महाराज संभवराम जी ने किया। शिविर में 15 सौ से अधिक मरीजों की चिकित्सकों ने जांच कर दवा का वितरण किया।
पीठाधीश्वर महाराज संभव रामजी दिन में करीब 10 बजे बौड़हिया मठ पर पहुंचे। इसके बाद बाबा का दर्शन-पूजने करने के बाद चिकित्सा शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया। शिविर में चिकित्सकों ने करीब 15 सौ महिला, पुरुष और बच्चों की जांच की। मरीजों को बीमारियों से संबंधित दवा उपलब्ध कराई गई। इस मौके पर पीठाधीश्वर महाराज संभव रामजी ने कहा कि पीड़ित मानव की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। अगर कोई किसी की मदद कर उसकी परेशानियों को कम करने का कार्य करता है तो इससे बड़ी कोई पूजा नहीं है। हर किसी को दूसरे की मदद करने की सोच रखनी चाहिए। मानवता से बढ़कर कोई पूजा नहीं है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह आदि ने पीठाधीश्वर से आशीर्वाद लिया। मरीजों की जांच करने वाले चिकित्सकों में डॉ. बीपी सिंह, डॉ. यूपी सिंह, डा. सुधीर सिंह, डॉ. रंजन नारायण, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. वैभव सिंह, डॉ. हरिशंकर तिवारी, डॉ. एसके सिंह, डॉ. कमला मिश्रा, डॉ. विजय प्रताप सिंह, डॉ. आशीष आदि शामिल रहे। इस अवसर पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, संजय सिंह, लल्लन सिंह, केपी सिंह, भीम सिंह, ओमप्रकाश राय आदि उपस्थित थे। इस मौके पर श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। शिविर शाम छह बजे तक चला।