माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा छह फरवरी से शुरू हो रही है। ऐसे में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अन्य प्रांतों और जिलों से परीक्षार्थियों के आने का क्रम रविवार से शुरू हो गया। केंद्र के आसपास के गांवों में रहने के लिए कमरा किराए पर लेकर परीक्षार्थियों ने डेरा डाल दिया है। इससे केंद्र के आसपास के गांवों में बाहरी छात्रों की भीड़ दिखनी शुरू हो गई है।
सैदपुर संवाददाता के अनुसार, हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में सम्मलित होने के लिए पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित प्रदेश के पश्चिमी जिलों के तमाम छात्र-छात्राओं ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। परीक्षा के एक दिन पहले औड़िहार जंक्शन, सिधौना, सैदपुर, सादात बस स्टैंड पर विभिन्न बोली भाषा वाले ऐसे तमाम छात्रों की भीड़ रही। जिन्हें अपने विद्यालय के नाम तक की जानकारी नहीं है। तहसील क्षेत्र के खानपुर, भीमापार, भितरी, धुवार्जुन, देवचंदपुर जैसे तमाम जगहों पर प्रवासी छात्र गांव और चट्टियों पर डेरा डाले हुए हैं। इसी क्रम में भीमापार में फिरोजाबाद के ढोलपुरा, कायमगंज, नागऊ, बदायूं, रायबरेली, मेरठ, राजस्थान के अजमेर, ग्वालियर से आए छात्र कागज पर मोबाइल नंबर लेकर विचौलियों को प्रवेश पत्र के लिए खोजते भी दिखाई पड़े। बाहर से आए छात्र-छात्राओं के आने से ग्रामीण क्षेत्रों और चट्टियों पर चहल-पहल दिखाई पड़ रही है। छात्र-छात्राएं अपने परीक्षा केंद्रों को देखने पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी बाहरी परीक्षार्थियों के पहुंचने से चहल-पहल बढ़ गई है।