श्री दुर्गा शिव साईं संस्थान नवापुरा की ओर से साईं मंदिर में आयोजित वार्षिकोत्सव के तहत मंगलवार को हवन-पूजन के बाद भंडारा का आयोजन किया गया। इस मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरा दिन मंदिर परिसर भक्तों से भरा रहा। भक्तों ने बाबा के चरणों में मत्था टेककर उनसे परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा घंट-घड़ियाल बजाए जाने और साईंनाथ का जयघोष करने से वातावरण साईंनाथ बना रहा।
वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के तहत सोमवार को शहर के नवाबगंज स्थित शीतला मंदिर से साईंनाथ की पालकी निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में बाबा के भक्तों ने भाग लिया। पालकी विभिन्न मार्गों से होते हुए नवापुरा स्थित श्री दुर्गा सांई मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। इसके बाद बाबा का शृंगार सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। वार्षिकोत्सव के तहत मंगलवार को भंडारा का कार्यक्रम आयोजित था। मंदिर में दर्शन-पूजन करने के लिए सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। 11 बजते-बजते पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया। भक्तों ने बाबा का पूजन-अर्चन करने के बाद भंडारा में प्रसाद ग्रहण किया। सुबह शुरू हुआ भंडारा देर रात तक जारी रहा। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक रही। मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भक्तों ने बाबा का पूजन-अर्चन कर उनसे परिवार की मंगल कामना की। इस दौरान घंट-घड़ियाल बजने और साईंनाथ का जयकारा लगाए जाने से माहौल भक्तिमय बना रहा। मंदिर के पास सुबह से लेकर रात तक मेले जैसी स्थिति बनी रही।