वश्व मानवाधिकार माह में मानवाधिकार के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रविवार को डिवोटेड सोसाइटी फार ह्यूमन रिफार्मेशन एंड डेवलपमेंट्स मानवाधिकार मुहम्मदाबाद के सदस्यों ने शहीद पार्क से जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान लोगों को मानवाधिकार के प्रति जागरूक किया गया।
शहीद पार्क में अमर शहीद डा. शिवपूजन राय की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद रैली का शुभारंभ संगठन के जिला उपाध्यक्ष संदीप अग्रहरी ने हरी झंडी दिखकर किया। रैली हाटा रोड, यूसुफपुर बाजार, फाटक, इलाहाबाद बैंक रोड होते हुए पुन: शहीद पार्क में आकर समाप्त हुई। इस अवसर पर आयोजित सभा में संगठन के अध्यक्ष संतोष जायसवाल ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य मानव के मौलिक अधिकारों के बारे में उन्हें अवगत कराना है। मानव अधिकार मूल रूप से वह अधिकार हैं, जो प्रत्येक व्यक्ति को इंसान होने के कारण मिलता है। जिलाध्यक्ष मदनमोहन सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान में भारतीय नागरिकों को अनुच्छेद-14 से 18 तक समता और समानता का अधिकार प्राप्त है। कहा कि इस रैली-पद यात्रा का उद्देश्य संविधान द्वारा प्रदत नागरिकों के अधिकारों के बारे में उन्हें जागरूक करना है। इस अवसर पर महासचिव आशीष जायसवाल, जिला सचिव संजय वर्मा, विनय तिवारी. निरंजन गुप्ता, शिव वर्मा, विकास जायसवाल, पंकज, रोशन, आलोक राय, गुड्डू, अभय वर्मा, अरविंद गुप्ता, शुभम श्रीवास्तव, आदि उपस्थित रहे।