गाजीपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें खाने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साढ़े 63 लाख से अधिक की लागत से भव्य किचेन-डाइनिंग हाल का निर्माण कराया जाएगा। इसका निर्माण होने के बाद विद्यालय के सैकड़ों बच्चे एक साथ भोजन-नाश्ता कर सकेंगे। उन्हें इसके लिए कतार लगाकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
शहर के पुलिस लाइन के पास जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना की गई। करीब बारह एकड़ में वर्ष 1991 से संचालित इस विद्यालय में काफी समय से संसाधनों की कमी बनी हुई थी। बालिका छात्रावास का निर्माण पूरा कराकर बालिकाओं को उसमें प्रवेश दिला दिया गया है। बालकों के छात्रावास का निर्माण पूरा हो गया है, इस माह के अंत तक उन्हें भी प्रवेश दिला दिए जाने की उम्मीद है। छात्रावास निर्माण होने से विद्यालय में इस वर्ष 40 की जगह 80 बच्चों का दाखिला लिया गया। छात्रावास निर्माण होने के बाद किचेन-डाइनिंग हाल की कमी छात्रों को खल रही थी। एक छोटे से हाल में खाना-नाश्ता में उन्हें परेशानी हो रही थी। उनकी इस समस्या का भी समाधान होने जा रहा है। 63 लाख 62 हजार की लागत से 500 स्कवायर मीटर में भव्य किचेन-डाइनिंग हाल का निर्माण कराया जाएगा। इस किचेन-डाइनिंग हाल में बड़े हाल के साथ तीन-चार स्टोर, काउंटर तथा शौचालय आदि का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में प्रधानाचार्य मुख्तार आलम ने बताया कि कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की ओर से शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अभी तक एक छोटे हाल में संचालन किया जा रहा है। किचेन-डाइनिंग हाल का निर्माण होने से छात्रों को सुविधा होगी।
....