गाजीपुर जिले में महज 11 दिनों में 14 बच्चे लापता हो गए। हालांकि तीन लापता किशोरियों को पुलिस ने बरामद कर लिया। एक बालक भटकता हुआ मिला, जिसके परिजनों का पता लगाया जा रहा है। लेकिन, अभी भी 10 बच्चों का पता नहीं चल पाया है। जमानिया से छह, रेवतीपुर से तीन और करीमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र से एक बालक लापता हुआ है। इधर परिजनों के आंसू भी सुख चुके हैं। उनकी सिसकने की पीड़ा ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
जमानिया कोतवाली क्षेत्र के उमरगंज गांव स्थित ईंट भट्ठे से 22 अप्रैल को एक ही परिवार के तीन बच्चे लापता हो गए। इनमें दो भाई और एक बहन शामिल हैं। जबकि इसी ईंट भट्ठे से अलग-अलग मजदूरों की दो बेटियां और एक बेटा लापता हो गया।
इसे भी पढ़ें; Indian Raiwlay: मुश्किल में सफर, महानगरों के लिए ट्रेनों में नहीं मिल रहा टिकट; जनरल में यात्रा करने को मजबूर
इस घटना ने ईंट-भट्ठे पर रहकर मजदूरी करने वाले मजदूरों को सकते में डाल दिया है। करीमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र से एक बालक और रेवतीपुर थानाक्षेत्र से एक मई को तीन किशोरियां भी लापता हो गईं। उनकी तलाश पुलिस के चुनौती बनी है। जमानिया में लापता बच्चों की तलाश के लिए जहां पुलिस अधीक्षक ने छह टीमें गठित कर बिंदुवार मामलों को सुलझाने के साथ लापता बच्चों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन अब तक टीम को सटीक लोकेशन तक नहीं मिल सकी है।
जगह-जगह खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चों तक पुलिस पहुंचने का प्रयास कर रही है लेकिन सफलता नहीं मिल सकी है। काफी प्रयास के बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा, जिसमें जमानिया क्षेत्र से लापता बच्चे जाते दिखाई दे रहे हैं। लेकिन, इसके आगे सुराग नहीं मिल पा रहा है। तब तक करीमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र से एक बालक और रेवतीपुर थानाक्षेत्र से तीन किशोरियों के लापता होने की घटना ने पुलिस का सिरदर्द बढ़ा दिया है।