बिरनो टोल प्लाजा के पास ब्रेथ एनालाइजर मशीन मेंं फूंक मारता ट्रेलर चालक। स्रोत- पुलिस विभाग
- फोटो : 1
बिरनो। थाना क्षेत्र के क्यामपुर फोरलेन टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 137 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही 3.53 लाख का जुर्माना लगाया गया।
एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा, एआरटीओ धनवीर यादव, यातायात प्रभारी बालेंद्र कुमार यादव और बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में आठ टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मुख्य रूप से ड्रंकन ड्राइविंग (शराब पीकर वाहन चलाना), प्रेशर हॉर्न का उपयोग, मॉडिफाइड साइलेंसर और एचएसआरपी नंबर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान कुल 137 वाहनों का चालान किया गया। इनमें दो वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ
विधिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा 24 वाहनों पर प्रेशर हॉर्न के प्रयोग और आठ वाहनों पर नियमों के अनुरूप नंबर प्लेट न होने के कारण चालान किया। अभियान के तहत विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर 3.53 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। संवाद