गाजीपुर। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोलियों से छलनी करने एवं आग लगाकर फूंकने के विरोध में सोमवार को सरजू पांडेय पार्क में धरना दिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार को इस बात के लिए कोसा कि केंद्र या राज्य सरकारों ने राष्ट्रपिता का अपमान करने वालों के विरुद्व किसी प्रकार की कोई कानूनी कारवाई नहीं की।
धरना सभा में जिलाध्यक्ष डा मारकंडेय सिंह ने राष्ट्रपिता को अपमानित करने वालों की निंदा करते हुए कहा कि उनका अपमान करना एक घोर अपराध है। दोषी लोगों को तत्काल गिरफ्तार कर उन पर देश द्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए। शहर कमेटी के अध्यक्ष शफीक अहमद ने इस घृणित कार्य की निंदा करते हुए कहा कि इससे पार्टी के कार्यकर्ता आहत हैं। देश की जनता ऐसे लोगों को माफ नही करेगी। अंत में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौपा गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, रविकांत राय, परवेज अहमद खां, राकेश राय, अखिलेश राय, सुनील साहू, मनीष राय, जनार्दन राय, राजेंद्र गाजी, समीउल्लाह खां, लाल मोहम्मद राईनी, मिलिंद सिंह, बटुक नारायन मिश्रा, कुसुम तिवारी, रामनगीना पांडेय, वृजेश यादव, सुरेंद्र पांडेय, जनक कुशवाहा, अजय श्रीवास्तव, अनुराग पांडेय, रणजीत बिंद, फैसल कमाल सिद्दीकी, राजेश मिश्रा, अरविंद यादव तथा दिनेश यादव उपस्थित थे। सभा का संचालन महामंत्री मोहम्मद राशिद ने किया।