जमानिया। स्थानीय तहसील के सभागार में मंगलवार को मुख्य समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के बालाजी की अध्यक्षता में आयोजित दिवस में कुल 47 प्रार्थना पत्रों में महज एक का निस्तारण हुआ। इस दौरान कोटेदारों द्वारा ग्रामीणों को अनाज न मिलने के मुद्दे चर्चा में रहे। वहीं जिलाधिकारी के बालाजी ने अनाज न मिलने की ग्रामीणों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए पूर्ति निरीक्षक को फटकार लगाई। साथ ही राशन को यथाशीघ्र मुहैया कराने का निर्देश दिया।
समाधान दिवस पर बरुइन ग्राम सभा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्रक देकर कोटेदार पर छह माह से मिट्टी का तेल नहीं देने तथा अनाज कम वजन में देने का आरोप लगाया। ग्रामीणों की व्यथा सुन जिलाधिकारी ने तत्काल पूर्ति निरीक्षक को बुलाया। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि जल्द से जल्द ग्रामीणों की इस समस्या का निदान करें। ग्रामीण रामूराम, राजेंद्र प्रसाद, सुभाष पासवान, सुरेंद्र, शिवपूजन खरवार आदि ने मांग किया कि अनाज वितरण कार्य में अनियमितता एवं सरकारी गल्ले की दुकान को बर्खास्त करके किसी ईमानदार विक्रेता से अनाज वितरण का कार्य कराया जाए, जो जनहित में अति आवश्यक है। अगर उचित कार्रवाई एवं न्याय नहीं मिला तो हम धरना-प्रदर्शन को मजबूर हो जाएंगे। हरपुर निवासी दिव्यांग श्रीराम यादव ने पेंशन के लिए मुख्य विकास अधिकारी से गुहार लगाई। सीडीओ ने पेंशन के लिए विभागीय अधिकारी को निर्देश दिया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, उपजिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता, तहसीलदार आलोक कुमार, कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार सिंह के अलावा सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।