गाजीपुर। शहर के एमजेआरपी पब्लिक स्कूल में आयोजित खेल प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम गुरुवार को हुआ। विभिन्न स्पर्धाओं में नर्सरी से लेकर कक्षा बारहवीं तक के छात्रों ने प्रतिभाग कर अपनी क्षमता एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग बैडमिंटन प्रतियोगिता में गांधी हाउस की खुशनुमा़ जेहरा ने फूले हाउस की आरजू यादव को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
वालीबॉल प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग में बुद्धा हाउस ने फूले हाउस को तथा थ्रो-बॉल में सीनियर बालिका वर्ग में अंबेडकर हाउस ने बुद्धा हाउस को पराजित किया। बॉस्केटबाल सीनियर बालिका वर्ग में बुद्धा हाउस तथा कबड्डी में सीनियर बालक वर्ग में फूले हाउस ने अंबेडकर हाउस को पराजित किया। प्लेग्रुप के बच्चों की जलेबी रेस में आदित्य यादव एवं बैलून रेस में साक्षी कुशवाहा ने पहला स्थान प्राप्त किया। इनडोर खेलों में कैरम में सीनियर बालक वर्ग में आकाश जायसवाल ने ऋषभ सिंह को, टेबल-टेनिस सीनियर बालिका वर्ग में शालू जायसवाल ने शिवांगी राय को हराया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि संध्या कुशवाहा ने बच्चों का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में खेलकूद का विशेष महत्व है। खेल शिक्षा के अनेक सरोकारों की पूर्ति करता है। खेलों से बालकों में त्वरित निर्णय क्षमता, समायोजन, सद्भाव, साहस एवं नेतृत्व की क्षमता तथा मैत्री जैसे गुणों का विकास स्वत: हो जाता है। मुख्य अतिथि जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य मुख्तार आलम ने सभी विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। सभी प्रतियोगिताओं में बुद्धा हाउस पहले तथा गांधी हाउस दूसरे स्थान पर रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुदर्शन सिंह कुशवाहा, सुशील कुमार श्रीवास्तव, दीपक कुमार, खेल शिक्षक दिनकर सिंह, विनोद जायसवाल एवं आशुतोष मिश्रा आदि शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उप-प्रधानाचार्य राकेश पांडेय ने किया।