गाजीपुर। शिक्षण संस्थाओं की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को एसडीएम सदर शिव शरण अप्पा से मिला। बताया कि माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में संसाधनों की कमी और कई प्रकार की समस्याएं हैं। जिससे पठन-पाठन पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। इस अवसर पर उन्हें आठ सूत्री मांगों का पत्रक सौंपा तथा उनके निराकरण की मांग की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक कामदेश्वर सिंह ने बताया कि जिले में संचालित हो रहे विद्यालयों की हालत बेहद दयनीय है। छात्रों को बैठने के लिए फर्नीचर तक की व्यवस्था नहीं है। अन्य सदस्यों ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी बरकरार है, इस कारण ठीक ढंग से पढ़ाई तक नहीं होती। शौचालय और मूत्रालय तक ज्यादातर विद्यालयों में नहीं हैं, इससे सबसे अधिक परेशानी छात्राओं को होती है। उन्हें बाहर जाकर शर्मसार होना पड़ता है। स्कूलों के स्टाफ तथा महिला शिक्षकों के सामने तो विकट समस्या हो जाती है। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूलों में क्रीड़ा की सुविधाओं का अभाव है। जब तक स्कूलों में पढ़ने लायक वातावरण तैयार नहीं होगा तब तक सबको शिक्षित करने की मंशा कभी पूरी नहीं हो सकती। पत्रक के माध्यम से समय रहते इन समस्याओं को दूर कराने की मांग की गई। इस मौके पर सुधांशु शेखर सिंह, अमित देव, अभिषेक सिंह, बालेन्दु राय, अभिषेक सौंडिक, अमित राय आदि मौजूद रहे।