कृषि उन्नति मेला-2018 का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में शनिवार को किया गया। मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. संगीता बलवंत, विशिष्ट अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं प्रगतिशील किसान लल्ली सिंह ने ‘कृषि उन्नति मेला-2018’ का शुभारंभ किया। डॉ. बलवंत ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी किए जाने के क्रम में किसान मेला के माध्यम से पूरे भारतवर्ष में कृषि उन्नति के विकास में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। उन्होंने किसानों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को सुदृढ़ करने का संकल्प लिए जाने पर बल दिया। नगर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के उद्बोधन से हमें सीख लेते हुए कृषि क्षेत्र में कार्य करना चाहिए। किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र के वैज्ञानिक, किसानों से जुड़कर कार्य करें। पूर्व नपा अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि किसान मेला, गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने का प्रयास होना चाहिए। यूरिया का प्रयोग कम से कम किया जाए एवं नीम कोटेड यूरिया का प्रयोग करने पर बल दिया। इस मौके पर केंद्र के डॉ. डीके सिंह, डॉ. वीके सिंह, डॉ. एसके सिंह, डॉ. डीपी श्रीवास्तव, डॉ. ओमकार सिंह, आशीष कुमार वाजपेयी, मनोज कुमार मिश्रा, डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, सुनील कुमार सहित जिले के सैकड़ों किसान उपस्थित थे। अध्यक्षता कर रहे केंद्र के चेयरमैन राजेश्वर प्रसाद सिंह ने अतिथियों एवं किसानों को बुके प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एसके सिंह ने तथा अंत में केंद्र के प्रभारी डॉ. डीके सिंह ने अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।