जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के भैदपुर गांव में विद्युत बिल बकाया वसूलने गए उपकेंद्र के जेई को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। पुलिस ने किसी तरह से बीच-बचाव कर मामले को रफा-दफा किया।
जेई तपस कुमार विद्युत कर्मियों के साथ भैदपुर गांव पहुंचे। इसी बीच बकाएदारों के भुगतान न करने को लेकर राधेश्याम जायसवाल से झड़प हो गई। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और जेई और अन्य कर्मियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। इसके बाद एसडीओ बीके राव को विभाग के लोगों ने इसकी सूचना दी। जानकारी होने पर एसडीओ और कोतवाल राजाराम मौके पर पहुंचे और जेई और अन्य कर्मचारियों को मुक्त कराया। इस संबंध में जेई तपस कुमार ने बताया कि राधेश्याम जायसवाल से बिल मांगा गया तो उन्होंने बिल नहीं दिखाया और कर्मचारियों से विवाद करने लगे, जिसका विरोध किया गया तो हाथापाई पर उतर गए। जिस पर उच्चधिकारी को घटना की जानकारी दी। इस पर एसडीओ बीके राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बिल न दिखाने पर विभाग की ओर से पुलिस बल की मौजूदगी में लाइन खोल दी गई। उन्होंने बताया की चेकिंग अभियान क्षेत्र में लगातार चलता रहेगा।