गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी द्वारा हरिशंकरी चबूतरे पर शनिवार की रात भगवान राम राज्याभिषेक का आयोजन किया गया। सिंहासन पर विराजमान भगवान श्रीराम, माता सीता, तीनों भाइयों और हनुमान जी की वहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर और उनका पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। भगवान राम को राजगद्दी मिलने पर अयोध्यावासी खुशी से झूम रहे थे। इस मौके पर आयोजित आर्केस्ट्रा और मेला का लोगों ने आनंद उठाया।
रामलीला कमेटी द्वारा भगवान श्रीराम के अयोध्या आने पर शनिवार को राज्याभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस मौके पर मेले का भी आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता, भाई लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी रंग-बिरंगे पोशाकों से सुसज्जित और मुकुट पहनकर सिंहासन पर विराजमान हुए। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, विशिष्ट अतिथि नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं जिलाधिकारी और कमेटी के मुख्य संरक्षक के बालाजी ने उपस्थित श्रीराम, सीता सहित तीनों भाइयों के साथ हनुमान जी की आरती उतारी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने अपने पिता के वचनों की मर्यादा की रक्षा के लिए 14 वर्ष वनवास काटा, इसलिए मर्यादा पुरुषोत्तम राम कहलाए। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए परंपराओं को अक्षुण्ण रखते हुए वर्तमान समय को परिभाषित करने की आवश्यकता है। अंत में कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी बच्चा ने रामलीला कमेटी, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन को पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के लिए बधाई दी। इस मौके पर योगेश वर्मा, विनय कुमार सिंह, अशोक अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, रामनारायण पांडेय, अधिवक्ता रामपूजन सिंह, गोपालजी पांडेय, लव द्विवेदी, वीरेश राम वर्मा, शिवपूजन तिवारी, ओमनारायण सैनी, अभय अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, सरदार चरणजीत सिंह, आनंद प्रसाद, लक्ष्मीनारायण, राजेश प्रसाद, अनुज अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल आदि मौजूद थे। अध्यक्षता दीनानाथ गुप्ता ने की।