गाजीपुर। पिछले कई दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। कभी धूप तो कभी बदली छा जा रही है। इस दौरान अधिकांश ऐसा हो रहा है कि जहां शहर में तीखी धूप खिली रह रही है, वहीं कई ग्रामीण क्षेत्रों में जोरदार बारिश हो रही है। बुधवार को सुबह ही तेज धूप निकल गई। इससे गर्मी के साथ ही उमस का प्रभाव बना रहा। लोग परेशान रहे। इसी बीच दिन में सवा दो बजे झमाझम बारिश शुरु होते ही मौसम सुहाना हो गया। मार्गों पर जल-जमाव होने से आवागमन करने वालों कष्ट झेलना पड़ा।
पिछले एक सप्ताह से मौसम का जो मिजाज बन रहा है, वह लोगों की समझ से परे होता जा रहा है। कभी तेज धूप के बीच काली घटाए छा जा रही है और बारिश शुरू हो जा रही है तो झमाझम बारिश के बाद पुन: धूप निकल जा रही है। बारिश शुरू होते ही लोग गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं तो बारिश बंद होने के तुरंत धूप निकल जाने से लोगों की परेशानी पुन: बढ़ जा रही है। कई दिनों से रुक-रुककर बारिश तो हो रही है, लेकिन पर्याप्त बारिश न होने से लोगों को भीषण गर्मी से पर्याप्त राहत नहीं मिल पा रही है। बुधवार को सुबह ही तीखी धूप निकल गई। इससे गर्मी के साथ ही उमस का जबरदस्त प्रभाव रहा। हर कोई पसीन पोंछता रहा। इसी बीच दिन में करीब दो बजे अचानक घमघोर बदली छा गई। कुछ ही देर बार करीब 15 मिनट तक तेज और धीमी बारिश हुई। बारिश से मौसम की तल्खी में कुछ कमी आई और गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली। बदली के बीच हवा चलने से मौसम सुहाना बना रहा। काले बादलों को देख यह कयास लगाते रहे कि अब-तब तेज बारिश होगी। बारिश की वजह से शहर के विभिन्न मार्गों पर मार्गों पर जल-जमाव और कीचड़ फैलने से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत लोगों को रौजा मार्ग पर हुई। पानी भरे बड़े-बड़े गड्ढों के बीच से लोगों को लड़खड़ाते हुए आवागमन करना पड़ा।