जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर सलेमपुरगांव में रविवार देर रात डीजे पर नाचने की होड़ में घराती और बराती आपस में भिड़ गए। दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्ष के लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
रामपुर सलेमपुर गांव निवासी शंकर बिंद की पुत्री की बारात कोतवाली क्षेत्र चक्काबांध गांव से रविवार रात आई थी। द्वारपूजा के लिए जब बारात निकली तो डीजे पर बाराती और घराती पक्ष के युवक नाचने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्ष के युवकों में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। इससे वहां भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ओर के युवकों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। घायल बारात पक्ष के लखेंद, राकेश, रितेश, सोनू, राजेश, विनोद और घराती पक्ष के विजय कुमार, सरवन, रामू को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस की मौजूदगी में शादी संपन्न हुई। इस संबंध में कोतवाल धर्मवीर ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।