गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के रेवसड़ा स्थित एक मकान पर जिला पूर्ति विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को छापा मारा गया। इस दौरान मकान से 13 खाली गैस सिलिंडर बरामद हुए। वहीं, उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की डिलीवरी न करने के आरोप में तीन गैस एजेंसियों को नोटिस जारी की गई। जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि भांवरकोल थाना क्षेत्र के रेवसड़ा स्थित एक घर में बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर हैं। सूचना पर विभाग की टीम की ओर से भांवरकोल थाना क्षेत्र के रेवसड़ा में बरमेश्वर राय के घर पर छापा मारा।
इस दौरान मकान से इंडेन कंपनी के छह, एचपी के चार व भारत पेट्रोलियम कंपनी के एक, पांच किलो के दो खाली गैस सिलिंडर बरामद किए । जांच में पाया गया कि बरमेश्वर राय ने बलिराम वर्मा निवासी रेवसड़ा से मिलीभगत करके अवैध रूप से गैस सिलिंडर बेच रहा है। इस प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं उपभोक्ताओं की शिकायत पर तीन गैस एजेंसियों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि अखिलेश एचपी गैस एजेंसी कुसी जमानिया, भाग्य लक्ष्मी गैस एजेंसी सादात व रामचंद्र भारत गैस एजेंसी सैदपुर द्वारा ग्राहकों से गैस बुकिंग का डीएसी कोड प्राप्त कर उनको गैस डिलीवरी किए बिना ही ऑनलाइन डिलीवर किया जाना दिखाया जा रहा है। कार्रवाई करते हुए संबंधित गैस एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आवंटित कराया गया अतिरिक्त लोड
गाजीपुर। जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह की ओर से सेल्स अधिकारियों से गैस एजेंसियों के बैकलॉग बुकिंग की समीक्षा की गई। समीक्षा में सेल्स अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिन एजेंसियों पर काफी बैकलाॅग हैं, उनको घरेलू गैस का अतिरिक्त लोड आवंटित कराई जाए। इसी क्रम में आईओसी के दो गैस एजेंसियों रामजी इंडेन गैस एजेंसी सैदपुर एवं इंडेन गैस एजेंसी रेवतीपुर, एचपीसी के दो एजेंसियों रशीदा गैस एजेंसी हबिल्लमपुर, तेजस्व गैस सर्विस लंका गाजीपुर को घरेलू गैस सिलिंडर का अतिरिक्त लोड बॉटलिंग प्लांट से आवंटित कराया गया है।
व्हाटसएप पर भी कर सकते हैं बुकिंग
गाजीपुर। गैस बुकिंग में आ रही परेशानियों को देखते हुए ऑयल कंपनियों द्वारा आनलाइन बुकिंग विकल्पों के साथ व्हाटसएप बुकिंग का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। इंडियन कंपनी के ग्राहक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से से आईओसी कंपनी के व्हाटसएप नंबर 7588888824, एचपी गैस के ग्राहक व्हाटसएप नंबर 9222201122 एवं भारत गैस के ग्राहक 1800224344 नंबर पर अपने अपने घरेलू गैस सिलिंडर की रीफिल बुक कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त इंडेन के ग्राहक कपंनी द्वारा जारी किए गए दो नए मोबाइल नंबरों 8927225667 एवं 8391990070 पर भी बुकिंग कर सकते हैं।
गैस सिलिंडरों की उपलब्धता
19 मार्च को उपलब्ध घरेलू गैस सिलिंडर का स्टाक 27149
18 मार्च को बिक्री किए गए घरेलू गैस सिलिंडर 9339
18 मार्च को बुक किए गए घरेलू सिलिंडर 9290