गाजीपुर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित उ.प्र. बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2025 का आयोजन एक जून को किया जा रहा है। इसमें 12299 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे, इनके लिए 27 केंद्र बनाए गए हैं। इसकी शुचिता बनाए रखने तथा इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारी की जा रही है।
बीते वर्ष बीएड की प्रवेश परीक्षा में इस बार की तुलना में कम परीक्षार्थी पंजीकृत थे। उस वर्ष 6700 छात्र-छात्राओं के लिए 14 केंद्र बनाए गए थे। इस बार राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर, शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय मुहम्मदाबाद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय सैदपुर, राजकीय सिटी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज और स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज सहित कुल 27 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह नौ से 12 और दूसरी पाली में दो से पांच बजे तक परीक्षा होगी। सभी केंद्रों पर दो-दो प्रेक्षक और एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। साथ ही केंद्र प्रतिनिधि भी तैनात होंगे।