गाजीपुर। जिला पंचायत के सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सहजानंद पीजी कॉलेज में 22 दिसंबर से तीन दिनों तक लगने वाले विशाल रोजगार मेले में अधिक से अधिक शिक्षित बेरोजगार युवाओं को शामिल कराने तथा रोजगार दिलाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी के.बालाजी ने कहा कि यह रोजगार मेला जिले के युवाओं के लिए स्वर्णिम अवसर है। पूरे भारत में इस तरह के 30 रोजगार मेला का आयोजन किया जाना है जिसमें गाजीपुर का भी नाम शामिल है। रोजगार मेला में 40 नामी कंपनियां आ रही हैं। रोजगार के लिए हर कंपनी की ओर से क्वालिफिकेशन डिमांड अलग- अलग हो सकता है। 18 साल से ऊपर के कक्षा आठ पास से लेकर ग्रेजुएट, आई.टी.आई., पालिटेक्निक के युवाओं को भर्ती होने का लाभ मिलेगा। रोजगार शिविर में युवाओं को प्रवेश 9.30 बजे से शुरू हो जाएगा। महिला एंव पुरुषों के लिए अलग अलग दस स्टाल लगाए जाएंगे जहां पंजीकरण होगा। एक आवेदक तीन अलग-अलग कंपनियों में साक्षात्कार दे सकते हैं। कंपनियां अपने-अपने स्टाल पर संबंधित छात्रों का साक्षात्कार लेंगी।
उन्होंने उपस्थित प्राचार्यों को इस मेला में अपने-अपने विद्यालय से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रतिभाग कराने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया ने उपस्थित प्रचार्यों से कहा कि इस कार्यक्रम को एक सरकारी मिशन के रूप में लेते हुए जनपद गाजीपुर के शिक्षित ,बेरोजगार, कर्मठ युवाओं को उनके कैंपस सलेक्शन के माध्यम से उनकी काबिलियत के अनुसार रोजगार दिलाने हेतु एक अभियान के तौर पर लें और जो इसके पात्र है वो इससे वंचित न रह जाये। इस मेला के लिए नामित स्टेट डेवलपमेंट आफिसर मुहम्मद कलाम ने प्राचार्यो से छात्र आवश्यक कागजात के साथ किस तरह इसमें भाग लेंगे इस बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इस मौके पर राजकीय महिला कॉलेज, स्वामी सहजानन्द, पीजी कॉलेज, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, यूनियन आरसेटी, राजकीय पालिटेक्निक गाजीपुर, कौशल विकास मिशन एवं अन्य राजकीय एवं मान्यता प्राप्त संस्था के प्राचार्य उपस्थित थे।