सादात। थाना क्षेत्र के डोरिया निवासी एक पशुपालक के टीनशेड का ताला तोड़कर अंदर बंधी दो भैंस सोमवार की रात चोर खोल ले गए। पीड़ित ने चोरी की तहरीर थाने में दी। एक वर्ष पहले भी पीड़ित की एक भैंस चोर खोल ले गए, जिसका आज तक पता नहीं चल सका है। क्षेत्र में आए दिन हो रही मवेशी चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में भय व्याप्त है।
डोरिया गांव निवासी त्रिवेणी यादव की दो भैंस घर के बाहर टीनशेड में बंधी हुई थी। त्रिवेणी यादव घर के बरामदे में लाइट जलाकर सो रहे थे। रात करीब एक बजे गाय के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनकी नींद टूट गई। अपने टीनशेड के पास पहुंचे तो देखा कि दरवाजा का ताला टूटा हुआ था और दोनों भैंस गायब थी। उन्होंने परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। पास-पड़ोस के लोग भी एकत्र हो गए। पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना 100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी लेकर वापस चली गई। पीड़ित ने आशंका जताई की चोर भैंस को किसी वाहन पर लादकर ले गए होंगे। बताया कि एक वर्ष पहले भी मेरी एक भैंस चोर खोल ले गए थे। सूचना देने के बाद आज तक पुलिस उसका पता नहीं लगा। पीड़ित ने चोरी की तहरीर थाना में दी। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।