जमानिया। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-दो से एक नंबर प्लेटफार्म पर जा रहा एक 50 वर्षीय वृद्ध रविवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे अप लाइन पर अचानक पंजाब मेल की जद में आकर घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज खुले आसमान के नीचे प्राइवेट व्यक्ति द्वारा किया गया।
ट्रेन की टक्कर से घायल चंदौली जिले के अमड़ा गांव निवासी 50 वर्षीय ओमप्रकाश पांडेय (50) ने बताया कि वह अप प्लेटफार्म पर जा रहा था। इसी दौरान अचानक पंजाब मेल आ गई, जिसकी टक्कर से घायल हो गया। आसपास मौजूद यात्रियों ने तत्काल घटना की सूचना स्टेशन मास्टर तथा पैनल रूम में दी, लेकिन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ न होने के कारण कोई रेलकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद यात्रियों ने 108 एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे करीब आठ बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बाहर खुले आसमान के नीचे स्ट्रेचर पर लेटा कर मेरा इलाज किया गया। इतना ही नहीं इलाज प्राइवेट व्यक्ति द्वारा किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डाक्टर की मौजूदगी नहीं थी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जीसी मौर्य ने बताया कि मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।